लखनऊ। वर्ष 2021 में वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र कुमार त्यागी पर दर्ज दुष्कर्म के मामले में एक नया मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 19 दिसंबर को वसीम रिजवी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके पति को अगवा करने की बात कही।
पीड़िता के अनुसार, 19 दिसंबर को वह अपने पति के साथ बाजार जा रही थी। इसी दौरान वसीम रिजवी अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और उनकी गाड़ी को धक्का मारकर गिरा दिया। इसके बाद वसीम रिजवी ने महिला को धमकाते हुए कहा कि यदि वह चल रहे मुकदमे को रफा-दफा नहीं करेगी तो वह उसके पति और पूरे परिवार को जान से मार देगा।घटना के बाद पीड़िता महिला थाना सहादतगंज पहुंची और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे और उसके परिवार को कभी भी जानलेवा हमला होने की आशंका है और यदि कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए वसीम रिजवी जिम्मेदार होंगे।पीड़िता का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के तीन दिन बीत जाने के बावजूद वजीरगंज थाना पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे पीड़िता और उसका परिवार भय और दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है।
मामले को लेकर पीड़िता ने मीडिया से बातचीत करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि मामले में तत्काल कार्रवाई कर दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं और उन्हें तथा उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
