अमेठीः जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सीएसआर को लेकर बैठक हुई आयोजित
December 17, 2025
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चैहान की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में कार्यरत विभिन्न कंपनियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों द्वारा सीएसआर के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सीएसआर के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पोषण एवं कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रभावी कार्य कर जनपद के समग्र विकास को गति दी जा सकती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप सीएसआर योजनाएं तैयार कर उनका प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सीएसआर परियोजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके। इसके लिए विभागीय समन्वय, सतत निगरानी एवं नियमित समीक्षा को आवश्यक बताया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर सात्विक श्रीवास्तव, समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी, सीएसआर से जुड़े प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
