Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बाराबंकी: एडीएम के आश्वासन पर आठवें दिन खत्म हुआ किसानों का धरना


सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी । भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई व अलग अलग जनसमस्याओं को लेकर पिछले एक सप्ताह से चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन समाप्त हो गया। यह धरना अपर जिलाधिकारी के ठोस आश्वासन के बाद समाप्त किया गया। किसान मरकामऊ से चैकाघाट जाने वाले सड़क मार्ग पर बने पुल के कुछ ही वर्षों में जर्जर हो जाने से बड़े वाहनों का आवागमन बाधित होने, तासीपुर में तैनात जांच कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई सहित कुल 16 बिंदुओं पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।इससे पूर्व पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं उप जिलाधिकारी के साथ हुई वार्ता बेनतीजा रही थी। धरना समाप्त कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी प्रीति सिंह, तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक रामनगर गरिमा पंत, बीडीओ संजीव गुप्ता, एडीओ पंचायत मनोज मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बदोसरांय अजीत विद्यार्थी सहित भारी पुलिस बल धरना स्थल पर पहुंचा। अधिकारियों ने किसान नेताओं के साथ लंबी और विस्तृत वार्ता की।अपर जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी कई समस्याओं का निस्तारण कर दिया गया है, जबकि शेष मामलों की जांच कर दो दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस पर किसानों ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया।भारतीय किसान यूनियन भदौरिया संगठन के जिलाध्यक्ष रवींद्र सिंह ने बताया कि तहसील व ब्लॉक स्तर की छोटी समस्याओं का समाधान एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार द्वारा करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसान मुख्यमंत्री आवास जाने की तैयारी में थे, तभी अपर जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे और समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर बड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जिला स्तर पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।धरना स्थल पर देवकीनंदन वर्मा, आकाश यादव, तिलक राम गुप्ता, सुहैल अहमद, मोहम्मद शुऐब, अंशू लाला, इंद्रसेन सिंह, प्रमोद कुमार रावत, पूर्व प्रधान रामचंद्र वर्मा सहित दर्जनों महिलाएं एवं सैकड़ों किसान कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |