बड़ा हमला! मिसाइल और ड्रोन अटैक से दहला कीव
December 27, 2025
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमिर जेलेंस्की की रविवार को होने वाली मुलाकात से पहले रूस ने यूक्रेन पर बहुत बड़ा हमाल किया है। रूस ने यह हमला ट्रंप की शांति योजना पर जनमत संग्रह कराने की तैयारी के घंटों बाद किया है। शनिवार को रूस ने कीव पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमला शुरू किया। इससे यूक्रेन की राजधानी बड़े हमलों से दहल उठी। हालांकि अभी तक मौतों और घायलों की सूचना नहीं मिल सकी है।
रूस के भयानक हमले के बाद यूक्रेनी शहर में बड़े पैमाने पर बिजली कटौती हुई। इससे राजधानी कीव अंधेरे में डुब गई। रूस ने यह हमला तब किया, जब कुछ घंटे पहले ही ज़ेलेंस्की ने एक्सिओस को बताया था कि अगर रूस 60 दिनों के युद्धविराम पर सहमत होता है, तो वे ट्रंप की शांति योजना पर जनमत संग्रह कराने को "तैयार" हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका-यूक्रेन समझौते के अधिकांश हिस्से तय हैं और पांच दस्तावेज़ों में लिखित रूप दिए जा चुके हैं। सुरक्षा गारंटी को लगभग अंतिम रूप दिया जा चुका है। वे रविवार को मार-ए-लागो में ट्रंप से मिलने वाले हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि ट्रंप से जेलेंस्की की मुलाकात से ठीक एक दिन पहले हुआ ये हमला यूक्रेन पर दबाव बढ़ाने की रणनीति हो सकती है। ताकि यूक्रेन ज्यादातर रूसी शर्तों को मानने के लिए तैयार हो जाए। ज़ेलेंस्की ने अपने बयान में कहा है कि वैध मतदान के लिए कम से कम 60 दिनों का युद्धविराम "न्यूनतम" है। रिपोर्ट्स के अनुसार रूस छोटी समय सीमा चाहता है। मगर इससे पहले ही शनिवार की सुबह रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया। हालांकि यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली एक्टिव रही। रूस ने कीव और अन्य क्षेत्रों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। यह हमला तब हुआ, जब ज़ेलेंस्की रविवार को फ्लोरिडा के मार-ए-लागो में ट्रंप से मिलने वाले हैं, जहां क्षेत्रीय मुद्दों और सुरक्षा गारंटी पर चर्चा होगी। ट्रंप की 20-सूत्री शांति योजना का ड्राफ्ट लगभग 90% तैयार है, लेकिन डोनबास क्षेत्र पर मतभेद बाकी हैं।
इस हमले में 8 लोग घायल हो गए। राजधानी में कई घंटों तक विस्फोटों की गूंज सुनाई दी क्योंकि बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन शहर पर गिरे। हमला शनिवार सुबह के शुरुआती घंटों में शुरू हुआ और दिन निकलते समय भी जारी था। कीव के सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के प्रमुख टिमुर टकाचेंको ने टेलीग्राम पर जारी बयान में कहा कि हमले में घायलों में एक 16 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। शहर के सात स्थानों पर हमला हुआ। शहर के ड्निप्रो जिले में एक 18 मंजिला आवासीय इमारत में आग लग गई और आपातकालीन दल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। टकाचेंको ने बताया कि दार्नित्सिया जिले में एक 24 मंजिला आवासीय इमारत भी निशाने पर आई, जबकि ओबोलोंस्की और होलोसिवस्की जिलों में भी आग की अलग-अलग घटनाएं हुईं।
