Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

राहुल की कमान में इतिहास में दफन हो जाएगी कांग्रेस-सुधांशु त्रिवेदी


एक तरफ बीजेपी को नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मिल गया है तो दूसरी तरफ राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ रैली के बाद सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है। करीब महीने भर की तैयारी के बाद कांग्रेस ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली की। इस रैली से पहले कांग्रेस ने दावा किया कि वो 5 करोड़ हस्ताक्षर के साथ रामलीला मैदान आ रही है लेकिन कांग्रेस ने INDI अलायंस के किसी भी दल को न्योता नहीं दिया। रामलीला मैदान के मंच पर सिर्फ़ कांग्रेस के नेता दिखे।

दिल्ली में रविवार को कांग्रेस की ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली के दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस के तीन दुश्मन बताए - नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मोहन भागवत। 14 मिनट के भाषण में राहुल ने खूब डायलॉगबाज़ी की। इसी दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी की कब्र खोदने के नारे लगाते हुए दिखे। रामलीला मैदान में पार्टी ने बीजेपी पर हमले तेज किए, तो सत्तारूढ़ दल ने पलटवार करते हुए नेहरू परिवार की तुलना बाबर के वंश से की। बीजेपी ने आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का वही हश्र होगा जो मुगल साम्राज्य का उसके छठे सम्राट औरंगजेब के शासनकाल में हुआ था, यानी पार्टी इतिहास के पन्नों में दफन हो जाएगी।

ये आरोप तब लगे जब सोशल मीडिया पर कई वीडियो में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रामलीला मैदान में विपक्षी पार्टी की रैली में जाते समय “मोदी तेरी कब्र खुदेगी” के नारे लगाते हुए सुना गया। नारेबाजी की निंदा करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “एक बार फिर कांग्रेस कार्यकर्ता मोदी जी की मौत की कामना कर रहे हैं। इससे पता चलता है कि कांग्रेस, मुस्लिम लीग-माओवादी एजेंडे के तहत काम करते हुए, अराजकता का मंच बनती जा रही है।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कई मौकों पर पीएम मोदी और यहां तक ​​कि उनकी मां को भी अपशब्द कहे, लेकिन जब पार्टी मोदी के लिए “कब्र खोदने की आकांक्षा” रखती है तो उसका भविष्य स्पष्ट हो जाता है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का भविष्य शायद वही होगा जो ‘द लास्ट मुगल’ नामक पुस्तक में मुगल साम्राज्य के बारे में लिखा गया है।

सुधांशु त्रिवेदी ने बताया कि मुगल साम्राज्य में 6 शासकों ने शासन किया- बाबर, हुमायूं, अकबर, जहांगीर, शाहजहां, औरगजेब और छठी पीढ़ी के शासन के बाद मुगल साम्राज्य का अंत हो गया। इसी तरह, कांग्रेस पर भी नेहरू परिवार के 6 सदस्यों - मोतीलाल नेहरू, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी का शासन रहा है; राहुल गांधी छठे सदस्य हैं जो वर्तमान में “सत्ता का आनंद ले रहे हैं”। इसके बाद कांग्रेस का भी वही हश्र होगा जो मुगलों का हुआ था। वे लगातार ऐसी बातें कह रहे हैं जिनसे ऐसी परिस्थितियां पैदा हो रही हैं जो उन्हें इतिहास के पन्नों में दफन कर देंगी।”

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |