Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः ईडी के आरोपपत्र के विरोध में कांग्रेस का भाजपा कार्यालय घेराव, कार्यकर्ता हिरासत में


पीलीभीत। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के आवाहन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यालय के घेराव का प्रयास किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा और शहर अध्यक्ष कृष्ण गंगवार ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शहर कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए और भाजपा कार्यालय की ओर कूच करने लगे।

कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध ईडी द्वारा न्यायालय में प्रेषित आरोपपत्र पर न्यायालय द्वारा संज्ञान न लिए जाने के बावजूद भाजपा सरकार विपक्ष को डराने और दबाने की राजनीति कर रही है। कार्यकर्ताओं ने “ईडी-सीबीआई का दुरुपयोग बंद करो”, “नरेंद्र मोदी इस्तीफा दो”, “अमित शाह इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए।

घेराव को रोकने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर रखा था। नगर मजिस्ट्रेट विजयवर्धन सिंह, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, शहर कोतवाल सतेंद्र सिंह, सुनगढ़ी थाना प्रभारी नरेश कुमार त्यागी, क्राइम ब्रांच के मृदुल कांत शुक्ल समेत पुलिस बल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए और भाजपा कार्यालय जाने की जिद करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर वाहनों से पुलिस लाइन पहुंचाया।

पुलिस लाइन में जिला अध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष को डराने के लिए झूठे मुकदमों का सहारा ले रही है। कांग्रेस पार्टी संघर्षों से निकली है और दबाव में आने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की आवाज उठाने से रोकने के लिए ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस जनता के हित में संघर्ष जारी रखेगी। शहर अध्यक्ष कृष्ण गंगवार ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नीतियों का पुरजोर विरोध करेगा।

इस दौरान पीसीसी सदस्य युसूफ मलिक, डॉ. नागेश चंद्र पाठक, जाहिद खान, गुरमीत सिंह, करनजीत सिंह, प्रवक्ता हेमंत मिश्रा एडवोकेट, युवक कांग्रेस कार्यवाहक जिला अध्यक्ष संदीप गंगवार, धर्मेंद्र वर्मा, कमलेश, हरीश कुमार मौर्य, ईश्वर दयाल पासवान, छात्र कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |