छिबरामऊ/कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद छिबरामऊ की सीमा में संचालित गेस्ट हाउस एवं मैरिज हॉलों का निरीक्षण नगर पालिका छिबरामऊ तथा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान छिबरामऊ क्षेत्र में स्थित कुल 14 गेस्ट हाउस/मैरिज हॉलों की जाँच की गई। जाँच में यह तथ्य सामने आया कि अधिकांश गेस्ट हाउसों में प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएँ उपलब्ध नहीं पाई गईं। इसके अतिरिक्त गेस्ट हाउसों से उत्पन्न होने वाले ठोस अपशिष्ट (कूड़ा) का निस्तारण शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है।यह भी पाया गया कि संबंधित गेस्ट हाउसों द्वारा नगर पालिका छिबरामऊ से कूड़ा उठान हेतु कोई विधिवत अनुबंध नहीं किया गया है तथा इनके द्वारा उत्पन्न कूड़े को सड़क किनारे अथवा अन्य अनधिकृत स्थलों पर फेंका जा रहा है, जो कि पर्यावरण संरक्षण नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
उक्त अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा संबंधित गेस्ट हाउसों/मैरिज हॉलों को नियमानुसार नोटिस प्रेषित किए जाने की कार्यवाही की जा रही है, साथ ही उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण किए गए गेस्ट हाउस/मैरिज हॉलों की सूची माँ लक्ष्मी पैलेस, बस्तीराम, लोक भारती सभागार, श्रेयाधामगंज, गोविंद भवन गेस्ट हाउस, सुभाष नगर, लिटिल स्टार मैरिज लॉन, विष्णुगढ़ रोड, गंगोत्री गैलेक्सी, इब्राहिमगंज, श्री राम रिसोर्ट, निकट निगम मंडी, कनक गेस्ट हाउस, सुभाष नगर, न्यू बौद्ध मैरिज हॉल, आनंद मैरिज होम, एस.एन. चतुर्वेदी गेस्ट हाउस, गोकुलधाम गेस्ट हाउस, न्यू संत गेस्ट हाउस, देवब्रामपुर, गोविंद गेस्ट हाउस, लक्ष्मी गेस्ट हाउस, इंद्रा नगर, छिबरामऊ, कन्नौज।
.jpg)