Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पिता और बेटे ने की अंधाधुंध फायरिंग, मास मर्डर से पहले बेटे ने मां से की बात


सिडनी के बॉण्डी बीच पर हुए आतंकी हमले में मरने वालों की संख्या 16 हो गई है जबकि घायलों की संख्या 40 से ज्यादा बताई जा रही है। यह हमला यहूदी त्योहार हनुक्का के आयोजन के दौरान किया गया। दो हमलावरों ने त्योहार मना रहे लोगों की भीड़ पर अंधाधुंध फायरिंग की। हमलावरों की पहचान साजिद अकरम और नवीद अकरम के रूप में हुई है। दोनों पिता (साजिद अकरम) और बेटे (नवीद अकरम) ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। इस हमले के बाद नवीद की मां का बयान सामने आया है। उसने बताया कि हमले से पहले बेटे ने उससे फोन पर बात की थी।

एक रिपोर्ट के मुताबिक सुरक्षाकर्मियों की जवाबी कार्रवाई में साजिद की मौत हो गई जबकि नवीद घायल हो गया। नवीद की मां ने बताया कि उसे यह यकीन नहीं हो रहा है कि उसके बेटे ने कोई हमला किया है। उसने कहा कि नवीद राजमिस्त्री का काम करता था लेकिन इन दिनों बेरोजगार था। ऐसी स्थिति में वह फल बेचने का काम करता। नवीद की मां ने बताया कि घटना को अंजाम देने से पहले दोनों घर पर यह बताकर गए थे कि वे मछली पकड़ने जा रहे हैं। नवीद के बैकग्राउंड का पता चलते ही पुलिस ने उसके घर को घेर लिया।

बता दें कि सिडनी के बॉन्डी बीच पर हनुक्का उत्सव के दौरान दो बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें एक बच्चे सहित 15 लोगों की मौत हो गई। देश के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इसे यहूदी-विरोधी आतंकवाद का कृत्य बताया। सख्त बंदूक कानूनों वाले इस देश में यह लगभग तीन दशकों में सबसे वीभत्स हमला था।

न्यू साउथ वेल्स पुलिस आयुक्त माल लैनन ने बताया कि 50 वर्षीय एक हमलावर को पुलिस ने मार गिराया, जबकि उसका 24 वर्षीय बेटा घायल हुआ और अस्पताल में उसका इलाज हो रहा है। न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिंस ने बताया कि मृतकों की उम्र 10 से 87 वर्ष के बीच थी। सोमवार सुबह तक कम से कम 42 लोग अस्पतालों में भर्ती थे, जिनमें कई की हालत गंभीर थी।

प्रधानमंत्री अल्बनीज ने कहा, ‘‘जो हमने देखा वह पूरी तरह यहूदी-विरोधी आतंकवाद का कृत्य था। यह ऑस्ट्रेलिया के उस महत्वपूर्ण स्थान बॉन्डी बीच पर हुआ, जो खुशी, परिवारों और उत्सवों से जुड़ा है। जो हुआ है, उसने इसे हमेशा के लिए कलंकित कर दिया है।’’ यह हमला ऐसे दिन किया गया जब हजारों लोग बॉन्डी बीच पर जुटे थे। इनमें सैकड़ों लोग आठ दिन चलने वाले हनुक्का उत्सव की शुरुआत के अवसर पर आयोजित ‘‘चानुका बाय द सी’’ कार्यक्रम में शामिल थे।

इजराइल के विदेश मंत्रालय ने एक इजराइली नागरिक की मौत की पुष्टि की, जबकि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बताया कि मारे गए लोगों में फ्रांसीसी नागरिक डैन एल्कायम भी शामिल था। ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने किसी भी पीड़ित या हमलावर का आधिकारिक रूप से नाम जारी नहीं किया। हालांकि, ‘द ऑस्ट्रेलियन अखबार’ के अनुसार लारिसा क्लेटमैन नाम की महिला ने बताया कि उनके पति अलेक्ज़ेंडर क्लेटमैन की भी मौत हो गई है। यह दंपति नरसंहार के जीवित बचे लोगों में शामिल था। हनुक्का समारोह में मौजूद वकील आर्सेन ओस्त्रोव्स्की के सिर को गोली छूकर निकल गई। उन्होंने बताया कि ‘‘यह पूरी तरह से नरसंहार था, चारों ओर लाशें बिखरी थीं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऑस्ट्रेलिया में ऐसा होगा।’’

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 2.8 करोड़ की आबादी वाले ऑस्ट्रेलिया में लगभग 1.17 लाख यहूदी रहते हैं। सरकार की विशेष दूत जिलियन सेगल के अनुसार, अक्टूबर 2023 के बाद यहूदी-विरोधी घटनाएं तीन गुना से अधिक बढ़ीं। पुलिस ने कहा है कि इस नरसंहार से जुड़े किसी अन्य व्यक्ति की तलाश नहीं है और घटना की गहन जांच की जाएगी। मौके से दो देसी बम भी बरामद किए गए हैं जिन्हें निष्क्रिय कर दिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |