आज देर रात भारत पहुंचेंगे लूथरा ब्रदर्स
December 15, 2025
गोवा नाइट क्लब अग्निकांड मामले में मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स को जल्द ही गोवा लाया जाएगा. सूत्रों के मुताबिक, गोवा पुलिस की एक टीम आज देर रात दिल्ली के लिए रवाना होगी. वहां केंद्रीय एजेंसियों से औपचारिक रूप से लूथरा ब्रदर्स की कस्टडी ली जाएगी और उन्हें गोवा पुलिस के हवाले किया जाएगा.
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि गोवा पुलिस की टीम थाईलैंड नहीं जा रही है. आरोपियों की कस्टडी सिर्फ दिल्ली से ही ली जाएगी. तय कार्यक्रम के मुताबिक, लूथरा ब्रदर्स कल यानी 16 दिसंबर को देर रात गोवा पहुंच सकते हैं. गोवा पहुंचते ही उन्हें आगे की पूछताछ के लिए सीधे अंजुना पुलिस स्टेशन ले जाया जाएगा.
खबर है आरोपियों को 17 दिसंबर को मापुसा कोर्ट में पेश करने की संभावना है. इस मामले में गोवा सरकार ने तेज और प्रभावी कार्रवाई के लिए एक विशेष कानूनी टीम बनाई है. इस टीम में विधि विभाग और अभियोजन विभाग के अधिकारी शामिल किए गए हैं, ताकि कोर्ट में मजबूत पैरवी की जा सके. पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत दर्ज किया है. इस धारा में दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की सजा का प्रावधान है.
जांच अधिकारी सभी संभावित उल्लंघनों से जुड़े साक्ष्य जुटा रहे हैं. इन साक्ष्यों के आधार पर एक मजबूत चार्जशीट तैयार की जाएगी, ताकि आरोपियों के खिलाफ ठोस केस बन सके. यह मामला अंजुना में हुए अग्निकांड से जुड़ा है, जिसमें सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के गंभीर आरोप लगे हैं. पुलिस की टीम तेजी से जांच आगे बढ़ा रही है.
उत्तरी गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब के सह-मालिक गौरव और सौरभ लूथरा आग लगने की घटना के तुरंत बाद थाईलैंड के फुकेत भाग गए. उनके खिलाफ इंटरपोल का ‘ब्लू कॉर्नर’ नोटिस जारी किया गया है.
