चेन्नई में प्रेमी ने बना ली दूरी! दो बच्चों की मां और पुलिस SI ने चुनी मौत
December 15, 2025
तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले की रहने वाली एंथोनी माता (31) चेन्नई के अंबत्तूर में कानून व्यवस्था पुलिस में सहायक निरीक्षक के पद पर कार्यरत थीं. वह अपने पति से अलग रह रही थीं और अंबत्तूर के कृष्णापुरम इलाके में अपने दो बेटों, जिनकी उम्र 10 और 8 साल है, के साथ अकेली रहती थीं. उनकी अचानक मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है.
घटना परसों रात की बताई जा रही है. जब एंथोनी माता का फोन काफी देर तक नहीं उठा, तो परिचितों को शक हुआ. इसके बाद कुछ दोस्त उनके घर पहुंचे, लेकिन घर अंदर से बंद था. दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर एंथोनी माता फांसी पर लटकी हुई मिलीं. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
जानकारी के अनुसार, एंथोनी माता की शादी साल 2015 में योवन से हुई थी. आपसी मतभेदों के चलते दोनों पिछले करीब दो सालों से अलग रह रहे थे. पति से अलगाव के बाद वह अपने बच्चों की जिम्मेदारी अकेले संभाल रही थीं, जिससे वह मानसिक दबाव में थीं.
पुलिस जांच में सामने आया है कि पिछले कुछ महीनों से एंथोनी माता का एक सहकर्मी सब-इंस्पेक्टर के साथ प्रेम संबंध था. शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत ठीक थी, लेकिन बाद में वह सहकर्मी उनसे दूरी बनाने लगा. इससे एंथोनी माता मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थीं.
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन एंथोनी माता ने वीडियो कॉल के जरिए उस सहकर्मी से बात की और मिलने की बात कही. कॉल के दौरान बहस भी हुई, जिसके बाद कॉल काट दी गई. इसके बाद जब उनसे संपर्क नहीं हो पाया तो सहकर्मी को अनहोनी की आशंका हुई और उसने दोस्तों को उनके घर भेजा.
