Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बलियाः सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में डीएम ने दिए सख्त निर्देश, योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर! जीराबस्ती जलभराव के स्थायी समाधान व भृगु आश्रम कॉरिडोर के लिए प्रस्ताव के दिए निर्देश


बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड से संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कई अहम निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पीएम सूर्य घर योजना में जनपद की रैंकिंग ‘सी’ पाए जाने पर असंतोष जताते हुए इस योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरे मनोयोग से कार्य करते हुए प्रधानों और कोटेदारों से संपर्क करें तथा उनका सहयोग लें। इसके साथ ही डीपीआरओ को प्रधानों और कोटेदारों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

साथ ही छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति दशमोत्तर छात्रवृत्ति में भी बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन सहित अन्य पेंशन योजनाओं में आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि 45 दिनों से अधिक कोई भी आवेदन लंबित न रहे। कन्या विवाह सहायता योजना पर विशेष ध्यान देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि श्रम विभाग द्वारा संचालित इस योजना का व्यापक प्रचार- प्रसार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस योजना के तहत लाभार्थियों को 65 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है, जिसकी जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। लाभार्थियों को धनराशि वितरण के समय इसका प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग आवेदन कर सकें।

जिलाधिकारी ने श्रम विभाग को निर्देशित किया कि पंजीकृत श्रमिकों से संबंधित होर्डिंग ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर लगवाए जाएं तथा ब्लॉक स्तर पर श्रमिकों के साथ बैठकें आयोजित कर योजनाओं की जानकारी दी जाए। सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान डीएम ने नहरों की सिल्ट सफाई की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि किसानों के साथ बैठक कर उन्हें पानी उपलब्धता की जानकारी दी जाए। नहरों की सिल्ट सफाई समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। कटहल नाला की सफाई को लेकर उन्होंने जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य प्रारंभ कराने, नाले का सर्वे करने तथा जहां भी अतिक्रमण हो उसकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जीराबस्ती क्षेत्र में जलभराव की समस्या पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने वहां स्थायी समाधान के लिए तत्काल प्रयोजनध्योजना तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं भृगु आश्रम में कॉरिडोर निर्माण के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग सुधारने के लिए गंभीर प्रयास करने के निर्देश दिए। 

--जिलाधिकारी ने जनपद में चल रहे पर्यटन एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।

जिलाधिकारी ने नगरा स्थित खाकी बाबा मंदिर के पर्यटन विकास कार्य की समीक्षा की। यह कार्य उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा कराया जा रहा है, जिसकी प्रगति मात्र 42 प्रतिशत पाई गई। कार्य की गति अत्यंत धीमी होने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही देवकली गांव स्थित सूर्य मंदिर के चैड़ीकरण एवं पर्यटन विकास कार्य की भी समीक्षा की गई। यहां भी कार्य की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने प्रमुख सचिव को पत्र लिखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग से संबंधित कार्यदायी संस्थाएं अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रही हैं और उनके अधिकांश कार्य पिछड़े हुए हैं। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बेलहरी में निर्माणाधीन छात्रावास व अकादमिक ब्लॉक के कार्य की धीमी गति पर भी जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। यह कार्य जे.पी. राज्य निगम एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है, जिसकी लागत लगभग 4 करोड़ रुपये है। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में शीघ्र तेजी लाई जाए और इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रगति में सुधार न होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, डीडीओ आनंद कुमार एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |