बलियाः मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत बलिया में एक दिवसीय मिलेट्स मेला सह प्रदर्शनी! 22 दिसंबर को ऑफीसर्स क्लब में होगा मिलेट्स रेसीपी विकास एवं जागरूकता कार्यक्रम
December 15, 2025
बलिया। उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय जनपद स्तरीय मिलेट्स मेला सह प्रदर्शनी एवं मिलेट्स रेसीपी विकास एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन 22 दिसंबर को ऑफिसर्स क्लब बलिया में पूर्वान्ह दस बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य मिलेट्स (श्री अन्न) के उत्पादन, उपभोग एवं पोषण महत्व के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। मेला एवं प्रदर्शनी में जनपद के होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, बेकरी, उद्यान विभाग, खाद्य प्रसंस्करण विभाग, एफपीओ, स्वयं सहायता समूह एवं कृषि सखी अपने-अपने स्टॉल लगाकर मिलेट्स से निर्मित विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत मिलेट्स रेसीपी विकास एवं उपभोक्ता जागरूकता प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें मिलेट्स के विभिन्न उत्पाद तैयार करने वाले शेफ एवं मिलेट्स के गुणों की जानकारी रखने वाले प्रतिभागी भाग लेंगे। प्रतियोगिता के उपरांत चयनित विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उक्त प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक जनपद के समस्त होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, बेकरी, फूड ज्वाइंट, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, एफपीओ, स्वयं सहायता समूह, कृषि सखी एवं मिलेट्स के गुणों के बारे में जानकारी रखने वाले सामान्य जन 21 दिसंबर तक कार्यालय उप कृषि निदेशक में निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं।
.jpg)