बाराबंकी: कक्षा 9 के 5606 विद्यार्थियों ने दिया ओएमआर आधारित मूल्यांकन परीक्षा
December 15, 2025
बाराबंकी । समग्र शिक्षा (माध्यमिक) अभियान के अंतर्गत सोमवार को जनपद के सभी राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में मिडलाइन असेसमेंट का आयोजन किया गया। ओएमआर आधारित इस मूल्यांकन में जनपद के 41 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा 9 के कुल पंजीकृत 6319 विद्यार्थियों में से 5606 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस परीक्षा में हिंदी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों से 15-15 प्रश्न शामिल थे। विद्यार्थियों ने अपने उत्तर ओएमआर शीट पर अंकित किए। परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र बुकलेट विद्यार्थियों को घर ले जाने के लिए दी गई, जिससे वे पुनः अभ्यास कर सकें ।परीक्षा खत्म होने के बाद विद्यालय स्तर पर परख एप्लीकेशन के माध्यम से ओएमआर शीट की स्कैनिंग की गई। यह प्रक्रिया संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों द्वारा कराई गई।इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी ने राजकीय हाईस्कूल रामपुर जहांगीराबाद एवं राजकीय हाईस्कूल रसूलपुर हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा की व्यवस्थाओं, छात्र उपस्थिति और ओएमआर स्कैनिंग प्रक्रिया का जायजा लिया तथा इस तकनीकी रूप से सक्षम मूल्यांकन को शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि मिडलाइन असेसमेंट से प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण से विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का आकलन कर शिक्षण योजनाओं में आवश्यक सुधार किए जाएंगे। यह मूल्यांकन मिशन पहचान तर्ज पर आधारित है।वहीं जिला समन्वयक समग्र शिक्षा अखिलेंद्र सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज निंदूरा, राजकीय इंटर कॉलेज घुंघटेर, राजकीय हाईस्कूल बढ़ईडीह, राजकीय हाईस्कूल मित्तई एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवा का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों से संवाद कर परीक्षा प्रक्रिया एवं विद्यार्थियों की प्रतिक्रिया की जानकारी ली।
