ब्राजील के जंगलों में सोना ही सोना! मजदूर को यहां मिला था 700 किलो खजाना
December 05, 2025
ब्राजील के पारा राज्य में मौजूद सेरा पेलाडा का नाम एक बार फिर दुनियाभर में गूंजने लगा है. कभी यह जगह मिट्टी के पहाड़ों से सोना निकालने वालों के लिए मशहूर थी. एक बार फिर ऐसी खबरें सामने आ रही है, जिसके मुताबिक इस छोटे से गांव के नीचे इतना सोना दबा है कि यह क्षेत्र अचानक दुनिया की सबसे अमीर जगहों में गिना जा सकता है, लेकिन इस लालच की कीमत अमेजन का पर्यावरण चुका रहा है. जंगल काटे जा रहे हैं, नदियां जहरीली हो चुकी हैं और पारा (Mercury) के इस्तेमाल ने धरती का भविष्य खतरे में डाल दिया है.
1980 के दशक में सेरा पेलाडा की हालत किसी युद्धभूमि से कम नहीं थी. हज़ारों लोग मिट्टी की दीवारों पर रस्सियों से लटककर सोना निकालने पहुंचते थे. उस दौर की तस्वीरों ने पूरी दुनिया को हिला दिया था. नंगे बदन मजदूर, टूटते पहाड़, कीचड़ में फिसलती जानें. कई लोगों ने यहीं अपनी ज़िंदगी गंवाई, लेकिन सोने की चमक ने हर खतरे को छोटा कर दिया.
diamonddetailsmcr.co.uk पारा राज्य का मजदूर चिको ओसोरियो सेरा पेलाडा के इतिहास में दर्ज एक अनोखा नाम है. साल 1982 में जब उसने रेडियो पर सोने की खबर सुनी तो सब कुछ छोड़कर खदान पहुंच गया. उसकी किस्मत चमकी और उसने तीन साल में करीब 700 किलो सोना निकाल लिया. आज की कीमत के हिसाब से यह रकम 900 करोड़ रुपए से भी ज्यादा होती है. उसने दो हवाई जहाज खरीदे, मशीनें लीं और भविष्य को सुरक्षित बनाने की वजह से बैंक में पैसा जमा कर दिया. हालांकि, कुछ साल बाद खदान सुरक्षा के कारण बंद कर दी गई और जिस बैंक में उसने अपनी कमाई रखी थी, वह दिवालिया हो गया. जिन मशीनों से कभी सोना निकलता था, आज वह सब जंग खाई पड़ी हैं. ओसोरियो के पास उम्मीदों की जगह सिर्फ एक खाली गड्ढा और यादें बची हैं.
