पाकिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों का आतंक, 18 बस यात्रियों का किया अपहरण
December 16, 2025
पाकिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों ने आतंक मचा रखा है। इस बार बंदूकधारियों का खौफ पाकिस्तान के सिंध प्रांत में देखने को मिला है। सिंध प्रांत में बंदूकधारियों ने बस में यात्रा कर रहे कम से कम 18 लोगों का अपहरण कर लिया है। जिन लोगों का अपहरण किया गया है वो बस से क्वेटा जा रहे थे। अपहरण की इस घटना के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक घटना सिंध प्रांत के घोटाकी इलाके के पास घटी है। अज्ञात बंदूकधारियों ने योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया। बंदूकधारियों ने सिंध और पंजाब बॉर्डर के पास हाईवे लिंक रोड पर रात के समय बस पर फायरिंग की और फिर 18 लोगों का अपहरण कर लिया। फायरिंग के दौरान बस चालक और कुछ यात्रियों के घायल होने की भी खबर है।
न्यूज के अनुसार,एक महिला जो बस में सफर कर रही थी, ने बताया कि मौके पर करीब 20 हमलावर मौजूद थे और सभी के हाथों में हथियार थे। महिला के मुताबिक सभी के चेहरे ढके हुए थे। हमलावरों ने पुरुष यात्रियों को बस से उतरने के लिए कहा और महिला यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। महिला ने कहा कि बंदूकधारी अपने साथ कई यात्रियों को लेकर चले गए।
पाकिस्तान में 18 लोगों का बस से अपहरण होने के बाद सिंध के गृह मंत्री के प्रवक्ता जिया उल हसन लांझर ने इसे दुखद घटना बताया है। लांझर ने बताया कि ड्राइवर और परिचालक के अलावा बस में करीब 30 यात्री सवार थे। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि, पाकिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों ने आतंक की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों का आतंक लगातार देखने को मिला है। अज्ञात बंदूकधारियों ने यहां लगातार सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है।
