Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल लाया गया भारत, दिल्ली एयरपोर्ट पर NIA ने किया अरेस्ट


बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर फायरिंग और बाबा सिद्दीकी मर्डर केस का आरोपी गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई आज अमेरिका से भारत लाया गया है. लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है और वह आज दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा, यहां NIA ने उसे गिरफ्तार कर लिया. उसके साथ अन्य डिपोर्ट किए गए लोग भी इसी फ्लाइट से भारत लाए गए.
अमेरिका में रह रहा अनमोल बिश्नोई 2022 से फरार था. वह अपने जेल में बंद भाई लॉरेंस बिश्नोई द्वारा चलाए जा रहे आतंक-सिंडिकेट का 19वां आरोपी है. NIA ने मार्च 2023 में उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी. NIA की जांच के अनुसार, अनमोल ने 2020 से 2023 के बीच गोल्डी ब्रार और लॉरेंस बिश्नोई को कई आतंकी घटनाओं को अंजाम देने में सीधी मदद दी. वह योजनाओं में शामिल रहा और भारत में विभिन्न वारदातों की साजिश में अहम भूमिका निभाता था.
अनमोल अमेरिका से ही बिश्नोई गैंग का नेटवर्क संभाल रहा था. वह गैंग के शूटरों और ग्राउंड ऑपरेटिव्स को निर्देश देता था और उन्हें ठिकाना व लॉजिस्टिक सपोर्ट मुहैया कराता था. जांच में यह भी सामने आया कि अनमोल विदेश से ही भारत में रंगदारी वसूलता था. इसके लिए वह दूसरे गैंगस्टरों की मदद लेता और गैंग की गतिविधियां संचालित करता था.
अनमोल बिश्नोई को पर कई हाई-प्रोफाइल मामलों में जांच लंबित है. केंद्र सरकार यह तय करेगी कि आगे उसकी कस्टडी किस एजेंसी को दी जाए. महाराष्ट्र पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अनमोल सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट पर अप्रैल 2024 में हुई फायरिंग केस में भी वॉन्टेड है. मुंबई पुलिस भी उसे अपनी कस्टडी में लेने के लिए अदालत में आवेदन करेगी.
मुंबई पुलिस ने अनमोल के प्रत्यर्पण के लिए दो प्रस्ताव भेजे थे और देशभर में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं. इस महीने की शुरुआत में एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि अनमोल, जो अमेरिका और कनाडा के बीच अपनी लोकेशन बदलता रहता है. उसे कनाडा में हिरासत में लिया गया है. उसके पास से फर्जी दस्तावेजों पर बना रूसी पासपोर्ट मिलने की भी जानकारी सामने आई थी. पिछले साल नवंबर में उसे अमेरिका में भी हिरासत में लिया गया था. NIA ने उसके सिर पर 10 लाख रुपये का इनाम रखा हुआ था.
अनमोल बिश्नोई का नाम 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में भी सामने आया था. वहीं, NCP नेता और दिवंगत बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी ने कहा कि उन्हें एक ईमेल भेजकर बताया गया है कि अनमोल को भारत भेजा जा रहा है. जीशान ने कहा कि अनमोल को भारत लाकर उसके अपराधों के लिए सजा मिलनी चाहिए.
पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को बांद्रा में उनके बेटे के दफ्तर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कई लोग इस केस में गिरफ्तार किए गए. मुंबई पुलिस ने इस मामले में MCOCA के कड़े प्रावधान भी लगाए हैं. इस केस में कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अनमोल बिश्नोई, शुभम लोंकर और जीशान मोहम्मद अख्तर अब तक वॉन्टेड थे. अब अमेरिका से अनमोल की वापसी के बाद इन सभी मामलों में जांच तेज होने की संभावना है.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |