नशे में धुत सिक्योरिटी गार्ड ने कार से दो लड़कियों को कुचला, उछलकर दूर गिरी
November 19, 2025
मेघालय के नॉर्थ-ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी (NEHU) में नशे में धुत एक सिक्योरिटी गार्ड ने मारुति 800 कार से एक स्कूटी सवार और दो लड़कियों को बुरी तरह टक्कर मार दी. ये हादसा सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसमें साफ तौर हादसे की गंभीरता देखी गई है. इस हादसे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
वीडियो में देख सकते हैं कि ये हादसा रात के समय हुआ. वीडियो की शुरुआत में देखा जा सकता है कि कई सारी गाड़ियों का आना-जाना लगा हुआ है. इसी दौरान पीछे से एक मारुति 800 कार तेज रफ्तार से आती नजर आती है. उसमें बैठा ड्राइवर नशे में धुत था.
कार ने पहले एक स्कूटी सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मारी, जिसके चलते स्कूटी सवार सड़क पर बुरी तरह गिर गया और उसकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई. इसके बाद सड़क पर चल रही दो लड़कियों को कार ने पीछे से टक्कर मारी, जिसके चलते दोनों हवा में उछलते हुए गिर गई.वीडियो में देख सकते हैं कि टक्कर मारने के बाद कार ड्राइवर वहां से फरार हो जाता है.
हादसे में दोनों लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गई. इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. उसके बाद लोगों के कमेंट्स सामने आने लगे. लोगों ने कार ड्राइवर की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े किए तो वहीं कुछ ने कहा कि कार ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. हालांकि, अभी तक साफ नहीं हुआ कि हादसे की सूचना पुलिस को दी गई या नहीं. लोग वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर कर रहे हैं.
