Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रूद्रपुर: ट्रांजिट कैम्प में छुटभैये नेता की दबंगई! वाहन में हूटर लगाकर उड़ाई जा रही नियमों की धज्जियां


रूद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में सत्ता पक्ष के एक छुटभैये नेता की बढ़ती दबंगई इन दिनों चर्चा का प्रमुख विषय बन गई है। लोगों का कहना है कि यह नेता सत्ता की आड़ में खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए अपने निजी वाहन में हूटर का प्रयोग करता है और पूरे क्षेत्र में रौब जमाता फिरता है। सबसे बड़ी बात यह है कि पुलिस प्रशासन इस गैरकानूनी कृत्य पर पूरी तरह मौन है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और ज्यादा बढ़ती जा रही है।

हाल ही में इस नेता को भाजपा संगठन में एक दायित्व सौंपा गया है, जिसके बाद उसके व्यवहार और दबंगई में और वृद्धि देखी जा रही है। ट्रांजिट कैम्प की गलियों में वह हूटर बजाते हुए तेज रफ्तार से निकलता है, जिससे क्षेत्र के लोगों को असुविधा होती है। कई लोग बताते हैं कि छोटी-छोटी गलियों में अचानक हूटर बजाकर वह माहौल बिगाड़ता है और अपनी सत्ता की हनक दिखाता है। लोगों का कहना है कि इस प्रकार का व्यवहार न सिर्फ नियम विरुद्ध है, बल्कि आम जनता के लिए भय और परेशानी का कारण भी बन गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह नेता न सिर्फ हूटर लगे वाहन से रौब दिखाता है, बल्कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर भी सत्ता का दबाव डालकर अपनी मनमानी चलाता है। लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते कार्रवाई नहीं हो पाती।

सबसे चैंकाने वाली बात यह सामने आई है कि जनपथ रोड पर स्थित इस नेता के कार्यालय में कथित रूप से खुलेआम जुए का अड्डा संचालित होता है। लोगों का कहना है कि वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं का संरक्षण उसे प्राप्त है, जिसके चलते पुलिस भी कार्रवाई करने से हिचकिचाती है। इस पूरे प्रकरण पर पुलिस की निष्क्रियता को लेकर क्षेत्र में नाराजगी और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |