बीसलपुरः पुरानी रंजिश में परीक्षा देकर लौट रहे छात्र पर हमला, चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
November 17, 2025
बीसलपुर। थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक छात्र पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। चैखंडी गांव निवासी प्रेमपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पोता अर्जुन 10 नवंबर को कुंवर झनकार सिंह इंटर कॉलेज बरसिया से परीक्षा देकर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में मलिखान, ओमकार, सत्यवान पुत्रगण रामदीन तथा आकाश पुत्र अज्ञात ने पुलिया के पास उसे रोक लिया और लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर स्कूल के बच्चे और गांव के धर्मवीर मौके पर पहुंचे और किसी तरह छात्र की जान बचाई। परिजनों ने बताया कि इससे पहले 5 नवंबर को भी अर्जुन के पिता सत्यवीर पर हमलावरों ने हमला किया था, जिसकी शिकायत पहले ही थाने में दी गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
.jpg)