कानपुर में ई-ऑटो पलटकर खुले नाले में गिरा, गंगा स्नान के लिए जा रहे 2 श्रद्धालुओं की मौत
November 06, 2025
कानपुर के कल्याणपुर इलाके में बुधवार को श्रद्धालुओं को ले जा रहे एक ई-ऑटो के पलटकर खुले नाले में गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई और महिलाओं तथा बच्चों समेत 11 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना बिठूर रोड स्थित नवशील धाम पुलिस चौकी के पास सुबह करीब 5 बजे हुई, जब ई-ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया।
पुलिस ने बताया कि श्रद्धालु कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर गंगा में स्नान के लिए जा रहे थे। कानपुर देहात से 12 श्रद्धालुओं को लेकर ई-ऑटो बिठूर घाट जा रहा था। नवशील धाम चौकी से आगे बढ़ते ही श्री मंगलदीप अपार्टमेंट के पास के पास रोड पर गड्ढा होने की वजह से ट्रक चालक ने अचानक स्टेयरिंग घुमा दी, वाहन उल्टी दिशा में आता समझ ऑटो चालक का नियंत्रण खो गया। इसकी वजह से टेंपो पलट गया और खुले नाले में जा गिरा। सभी सवारियां नाले में गिरीं और ऊपर से ऑटो। किसी तरह ड्राइवर ने लोगों को निकलने का प्रयास किया।
सहायक पुलिस आयुक्त रंजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बचाया। सभी घायलों को लाला लाजपत राय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने समता (32) और सुधीर उर्फ गोलू (20) को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि ई-ऑटो चालक समेत सभी 11 घायल अस्पताल में भर्ती हैं।
