प्रतापगढः तालाब में डूबने से मासूम की मौत, कोहराम
October 27, 2025
लालगंज/प्रतापगढ़। खेलते समय अचानक तालाब में डूबने से मासूम की दर्दनाक मौत हो गयी। रोते बिलखते परिजनों ने घटना के दूसरे दिन सोमवार को मासूम का गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया। लालगंज कोतवाली के बेलहा के कान का पुरवा में बुधराम निषाद का चार वर्षीय पुत्र वीरू घर के सामने खेल रहा था। अचानक वह खेलते खेलते तालाब में गिर गया। मासूम को तालाब में डूबता देख साथ खेल रहे अन्य बच्चों ने शोर मचाया। बच्चों की चीख सुनकर परिजन दौड़े और मासूम को तालाब से बाहर निकाला। आननफानन में परिजन उसे लेकर लालगंज ट्रामा सेण्टर आये। यहां चिकित्सकों ने वीरू को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सोमवार की सुबह परिजनों ने मासूम का गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक वीरू दो भाईयों में छोटा था। मां शालिनी तथा भाई देव का रोना बिलखना देख गांव के लोगों की आंखे भर आयीं।
