शुकुलबाजार: श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ मां दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन! नम आंखों से मां को दी विदाई, गूंजते रहे जयकारे
October 07, 2025
शुकुलबाजार/अमेठी। शारदीय नवरात्र के समापन पर मंगलवार को क्षेत्र में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ। पूर्णिमा तिथि पर विकास खंड शुकुल बाजार के अंतर्गत गोमती नदी के तट पर स्थित ऐतिहासिक रीछ घाट पर भक्तों ने नम आंखों से मां दुर्गा की प्रतिमाओं को विधिवत विसर्जित किया।विसर्जन से पूर्व भक्तों ने पंडालों में मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर विधिवत विदाई दी। इसके बाद विभिन्न स्थानों से मां की प्रतिमाओं को पिकअप और ट्रैक्टरों पर सजाकर शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते हुए इस यात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होकर गोमती नदी के रीछ घाट पहुंची।अमेठी और अयोध्या जनपद की सीमाओं पर स्थित रीछ घाट पर दूर-दराज के क्षेत्रों से लाई गई प्रतिमाओं का एक-एक कर विधिवत विसर्जन किया गया। भक्तों ने मां दुर्गा से अपने परिवार और क्षेत्र की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। देर शाम तक घाट पर जयकारों की गूंज बनी रही और भक्तों की भीड़ मां के जयघोष के साथ उमड़ती रही। विसर्जन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। सुरक्षा के व्यापक प्रबंधों के बीच पूरे उत्सव का समापन शांतिपूर्ण ढंग से किया गया।
