पीलीभीत। जनपद के विभिन्न थानों में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया गया जागरूक साइबर टीमों ने बताए हेल्पलाइन नंबर, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर दी उपयोगी जानकारी पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों की साइबर टीम और मिशन शक्ति टीम द्वारा मंगलवार को मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना हजारा, माधोटांडा, करेली, कोतवाली, न्यूरिया, गजरौला, बरखेड़ा तथा महिला थाना क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी जानकारी दी गई। टीमों ने उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों महिला हेल्पलाइन 1090, 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102, 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रमों के दौरान पुलिस कर्मियों ने कहा कि महिलाएं किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर तत्काल संपर्क कर सकती हैं। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को न केवल सुरक्षा का अधिकार देना है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना भी है।
विभिन्न थानों में हुए इन जागरूकता कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं और ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं और उन्होंने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की।
