पीलीभीत। गांधी प्रेक्षागृह में गुरुवार को बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्री सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार के श्री जितिन प्रसाद ने भाग लिया।
कार्यक्रम में विधानसभा सदर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अमरिया, ललौरीखेड़ा, नगर पीलीभीत व आंशिक मरौरी परियोजनाओं की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को कुकर वितरित किए गए। सम्मेलन में कुल 514 कार्यकत्रियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष संजय प्रताप सिंह ने सरकार की प्राथमिकताओं और महिला सशक्तिकरण योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए किया। इसके बाद मंत्री जितिन प्रसाद ने मंच से सभी कार्यकत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि “सरकार हर आंगनबाड़ी कार्यकत्री के योगदान को सराहती है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। महिला एवं बाल विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में कार्यकत्रियों की भूमिका सबसे अहम है।”
कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकत्रियों को मंच पर बुलाकर मंत्री द्वारा अपने करकमलों से कुकर प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी तंत्र को और मजबूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
सम्मेलन में परियोजना अमरिया से 180, ललौरीखेड़ा से 174, नगर क्षेत्र से 131 व मरौरी से 29 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सम्मिलित हुईं। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी अपनी पूरी टीम के साथ मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद गांधी स्टेडियम परिसर में “रोटरी क्लब ऑफ पीलीभीत मातृशक्ति द्वार” का उद्घाटन मंत्री जितिन प्रसाद, जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, विधायक बरखेड़ा स्वामी प्रवक्तानंद, विधायक पूरनपुर बाबूराम पासवान, नगर पालिका अध्यक्ष आस्था अग्रवाल एवं जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया।
मंच संचालन जगदीश सक्सेना ने किया, जबकि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
