बीसलपुर। राष्ट्रीय चीनी मिल अधिकारी परिषद, सहकारी चीनी मिल संघ एवं आसवनी कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त प्रांतीय आवाहन पर बीसलपुर सहकारी चीनी मिल के कर्मचारियों ने गुरुवार को तीन सूत्रीय मांगों को लेकर मिल के प्रधान प्रबंधक डॉ. हरिराम कृष्ण गुप्ता को ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों ने मांग की कि सहकारी चीनी मिल संघ द्वारा नियुक्त अधिकारियों व कर्मचारियों का 17 प्रतिशत महंगाई भत्ता तत्काल उपलब्ध कराया जाए, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को यथावत रखा जाए, और आउटसोर्स कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन वृद्धि का लाभ दिया जाए।कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगे शीघ्र नहीं मानी गईं तो 8 नवंबर से टूल डाउन और पेन डाउन आंदोलन किया जाएगा। इसके साथ ही 13 नवंबर को लखनऊ में प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ज्ञापन सौंपने का नेतृत्व कोऑपरेटिव चीनी मिल मजदूर यूनियन के अध्यक्ष श्याम बहादुर शर्मा एवं महामंत्री राजेंद्र मिश्रा ने किया। इस दौरान चीनी मिल के उपसभापति नरेशचंद्र शर्मा सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।
कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
