बाराबंकी। मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। सीडीओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसमें लापरवाही किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में सीडीओ ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान पर विशेष बल देते हुए कहा कि ग्राम व नगर पंचायतों में साफ-सफाई और जनजागरूकता लगातार जारी रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि अभियान में शिथिलता पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।सीडीओ ने निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी टीकाकरण सत्र जीरो नहीं होना चाहिए, और शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि घर पर प्रसव की स्थिति नहीं आनी चाहिए ,इसके लिए उपकेंद्रों को सक्रिय किया जाए और आवश्यकतानुसार नए डिलीवरी प्वाइंट भी खोले जाएं।
महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण को प्राथमिकता देने, कुपोषित बच्चों के उपचार व पोषण पर फोकस करने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने कहा कि टीबी रोगियों के उपचार, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की कार्यशीलता, और मन्त्रा एप पर आंकड़ों की फीडिंग में किसी प्रकार की शिथिलता न हो। उन्होंने यह भी कहा कि सभी अधिकारी मिलकर काम करें, तभी जिले की स्वास्थ्य रैंकिंग में सुधार संभव है।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव, एसीएमओ, बीपीएम, बीसीपीएम, आयुष्मान अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
