बाराबंकी। साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर एक युवक से साढ़े अठारह लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने युवक को फर्जी ट्रेडिंग ऐप के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर मोटे मुनाफे का लालच दिया और धीरे-धीरे उससे बड़ी रकम हड़प ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम लालू का पुरवा निवासी नितिन कुमार शर्मा से एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर संपर्क कर उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल किया। ग्रुप में शेयर मार्केट और स्टॉक ट्रेडिंग से जुड़ी जानकारियां साझा की जाती थीं। कुछ दिनों बाद ठगों ने नितिन को ‘बार्कलेज’ नामक मोबाइल एप डाउनलोड करने की सलाह दी।
एप के माध्यम से निवेश के नाम पर नितिन से विभिन्न खातों में 18 लाख 45 हजार 357 रुपये ट्रांसफर कराए गए। जब नितिन ने अपनी रकम वापस मांगी तो ठगों ने व्हाट्सएप ग्रुप डिलीट कर दिया और सभी नंबर बंद कर लिए।
पीड़ित ने 15 सितंबर को साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर ठगों के मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के जरिए ट्रांजेक्शन ट्रेस करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
.jpg)