मनियर/बलिया। रोटी, कपड़ा और मकान जीवन की बुनियादी आवश्यकताएं कहलाती हैं। मगर मकान से जुड़ी सड़क के चरमराने से जीवन किसी तरह हिचकोले खाती है। इसका नजारा देखना हो तो चले आइए। नगर पंचायत मनियर में, जहां सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिम्मेदारों का ध्यानाकर्षण कराने के लिए दीपावली के दिन सोमवार की शाम युवा संगठन के अध्यक्ष गोपाल जी के नेतृत्व में नौजवानों ने टूटी सड़क पर ही दीवाली मनाई और अपनी पीड़ा का एहसास कराया।
बताया जाता है कि कस्बा के वार्ड सं 11 व 14 को जोड़ने वाले इस सड़क के बारे में युवा नेता गोपाल जी ने बताया कि विगत चार माह पूर्व नाला निर्माण के लिए पीच सड़क को उखाड़ कर बीच में नाला तो बना दिया गया। मगर उसके बाद क्षतिग्रस्त सड़क को उसके हाल पर ही छोड़ दिया गया। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण न केवल मोहल्लेवासियों को, बल्कि राहगीरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छठ पर्व नजदीक है। क्षतिग्रस्त सड़क के कारण व्रतधारी महिलाओं को घाट आने - जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। इसलिए दीपावली के दिन नौजवान साथियों व मुहल्लेवासियों के साथ दीप जलाकर इस टूटी सड़क को दीपों से सजाकर रोशन किया गया। ताकि इससे भी जिम्मेदारों को सड़क की हालत पर नजर आ सके और शीघ्रातिशीघ्र सड़क का निर्माण हो सके। इस संबंध में पूछे जाने पर ईओ मनियर संदीप सिंह ने बताया कि पैसा आने पर जल्द ही सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा।
