मैनपुरी। मैनपुरी में गोरखपुर की रहने वाली युवती से कुछ महीने पहले आदित्य वर्मा बन कर मिले आमिर मसूद ने प्रेमजाल में फंसा लिया। उसके साथ लिव इन में रहा और गर्भवती होने पर दवा खिला कर गर्भपात करा दिया। जब आमिर की हकीकत सामने आई तो युवती पर धर्म परिवर्तन का दवाब बनाने लगा। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है।
वर्तमान में सदर कोतवाली क्षेत्र में रह रही युवती ने बताया कि वह मूलरूप से गोरखपुर की रहने वाली है। 21 साल पहले माता पिता कुरावली में आकर रहने लगे थे। चार साल पहले उसकी मुलाकात शहर के कटराा मोहल्ला के रहने वाले एक युवक से हुई। उसने अपना नाम आदित्य वर्मा बताया। कुछ दिन बातचीत के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। इस दौरान वह आदित्य के साथ लिव इन में रही और संबंध बने।
लिव इन में रहने के दौरान वह चार बार गर्भवती हुई तो दवा खिला कर गर्भपात करा दिया गया। कुछ दिनों पहले उन्हें पता चला कि आदित्य ने धर्म छिपा कर उन्हें प्रेम जाल में फंसाया है। जब शादी करने का दवाब बनाया तो वह धर्म परिवर्तन करने का दवाब बनाने लगा। जब धर्म छिपाने के बारे में पूछा तो कहा कि वह चार शादियां कर सकता है। अगर तूने धर्म परिवर्तन नहीं किया जान से मार दूंगा। निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की भी धमकी दी है।
धर्म छिपाने का भेद खुलने के बाद बात खत्म नहीं हुई। आमिर ने युवती को कटरा मोहल्ला स्थित घर पर बंधक बना कर रखा। रात को दोनों भाई आते और उसके साथ संबंध बनाते थे। दोनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आठ सितंबर 2025 वह किसी तरह से बंधन मुक्त होकर भाग निकली। कोतवाली में शिकायत देने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। मामले में एसपी के आदेश पर आरोपी उसके भाई के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आमिर आरटीओ ऑफिस में लाइसेंस बनवाने व बीमा का काम करता है, उसका भाई मुवीन नगर पालिका में सुपरवाइजर के पद पर है। जिस वजह से उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। दोनों भाइयों ने सिर काट कर जान से मारने की धमकी दी है। वह किसी तरह छिप कर जान बचाए हुए हैं।
