आर्मी की यूनिफॉर्म देख डिलीवरी बॉय के झांसे में आ गई नामी अस्पताल की महिला डॉक्टर, धोखे से किया रेप
October 28, 2025
दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में कार्यरत 27 वर्षीय महिला डॉक्टर के साथ शारीरिक शोषण का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी से उसकी जान पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। पीड़ित डॉक्टर के मुताबिक आरोपी ने खुद को आर्मी लेफ्टिनेंट बताया। आरोपी ने पीड़ित डॉक्टर को अपने जाल में फंसाने के लिए खुद को पोस्टिंग कश्मीर में बताई। इतना ही नहीं आरोपी ने महिला डॉक्टर को अपनी एक तस्वीर भी भेजी जिसमें आरोपी ने आर्मी की यूनिफॉर्म पहनी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि पीड़ित डॉक्टर और आरोपी के बीच एक दूसरे के मोबाइल नंबर शेयर हुए जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। पीड़ित डॉक्टर के मुताबिक आरोपी आरव मलिक और उसके बीच 30 अप्रैल 2025 से 27 सितंबर 2025 के बीच इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए बातचीत होती रही। पुलिस के मुताबिक इसके बाद एक दिन आरोपी महिला के घर गया जहां उसने महिला को कुछ खाने को दिया जिसके बाद महिला डॉक्टर के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी आरव मलिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आरव मलिक आर्मी में लेफ्टिनेंट के पद पर नहीं बल्कि डिलीवरी बॉय का काम करता है। आरोपी ने आर्मी की यूनिफॉर्म दिल्ली कैंट इलाके से खरीदी थी।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 16 अक्टूबर को BNS की धारा 64(1), 351, 319, 123 और 335 के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद आरोपी आरव मलिक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कहा कि वह एक ई-कॉमर्स वेबसाइट पर डिलीवरी बॉय का काम करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने और कितनी महिलाओं को इसी तरह झांसे में लिया है।
