सुलतानपुर। जिले के बंधुआकला थाना क्षेत्र के बबुरी गांव में मंगलवार रात प्रेम-प्रसंग के विवाद में एक युवक की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि आरोपी की पत्नी गंभीर रूप से घायल पाई गई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विशाल (18) की हत्या उसके पड़ोसी रमेश ने की। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। घायल वंदना (25), जो आरोपी रमेश की पत्नी है, को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बंधुआकला थानाध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। विशाल का रमेश के घर आना-जाना रहता था। मंगलवार शाम रमेश किसी काम से घर से बाहर गया था। इसी दौरान विशाल उसके घर पहुंच गया। देर रात जब रमेश वापस लौटा, तो उसने अपनी पत्नी वंदना के साथ विशाल को घर पर देखा। यह देखकर रमेश आपा खो बैठा और दोनों के बीच कहासुनी के बाद उसने गुस्से में कुल्हाड़ी से विशाल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने पर रमेश ने अपनी पत्नी को भी पीटकर घायल कर दिया।
ग्रामीणों ने शोर सुनकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर में विशाल और वंदना को खून से लथपथ हालत में बेहोश पाया। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक की मां गीता देवी ने आरोपी रमेश पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम छाया हुआ है।
