पीलीभीतः ओरिगामी आर्ट प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई अपनी रचनात्मक प्रतिभा! सुंदर कलाकृतियों से स्कूल हुआ गुलजार लॉर्ड कृष्णा स्कूल बल्लभनगर कॉलोनी, पीलीभीत में हुआ रंगारंग आयोजन
October 27, 2025
पीलीभीत। शहर की बल्लभनगर नगर कॉलोनी स्थित लॉर्ड कृष्णा स्कूल में आज रंगों और रचनात्मकता से भरपूर ओरिगामी आर्ट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 2 से 8 तक के सभी छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला के माध्यम से यह साबित किया कि रचनात्मकता की कोई उम्र नहीं होती। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सनी दीक्षित एवं प्रधानाचार्या रोजी दीक्षित ने किया। दोनों अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ओरिगामी कला न केवल बच्चों की सृजनात्मक सोच को प्रोत्साहित करती है, बल्कि धैर्य, ध्यान और एकाग्रता बढ़ाने का भी माध्यम है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ कला, संगीत और खेलों में भी अपनी रुचि बनाए रखें। इसके बाद प्रतियोगिता की शुरुआत हुई, जिसमें बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति और हाथों की निपुणता का शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 2 एवं 3 के छात्रों ने रंग-बिरंगे ग्रीटिंग कार्ड, नाइफ, टीपी टीपी टॉप आदि बनाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इन छोटे बच्चों की सूक्ष्म कलाकृतियां देख सभी शिक्षक और अभिभावक हैरान रह गए। वहीं कक्षा 4 से 8 तक के छात्रों ने ओरिगामी की विभिन्न तकनीकों का उपयोग करते हुए नाव, बुके, फ्लावर पॉट, तितली, खरगोश, चिड़िया, कुर्सी, मेंढक, गुलहड़, गुलाब, कमल, सूरजमुखी, बुकमार्क और व्हील जैसी अनेक कलाकृतियां तैयार कीं। रंगीन कागजों से बनी इन आकृतियों ने पूरे विद्यालय परिसर को कला गैलरी का रूप दे दिया।प्रत्येक छात्र की कलाकृति अपनी मौलिकता और सुंदरता के लिए सराही गई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों की कृतियों का अवलोकन करते हुए विद्यालय प्रबंधक सनी दीक्षित एवं प्रधानाचार्या रोजी दीक्षित ने कहा कि बच्चों की रचनात्मकता और मेहनत देखकर अत्यंत हर्ष की अनुभूति हुई। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में मील का पत्थर साबित होते हैं उन्होंने सभी छात्रों को निरंतर नए प्रयोग करने और अपनी कलात्मक क्षमताओं को और निखारने के लिए प्रेरित किया। परिणाम घोषणारूकक्षा 8 में तनिष्का एवं हर्षिका ने प्रथम, प्रियांशी एवं अदिति ने द्वितीय, जबकि खुशी और प्रज्ञा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 7 में कृतिका, अक्षिता और तान्या प्रथम, अक्षत, ऐश्वर्या और शाफिया द्वितीय, जबकि अमोल, रश्मि और अक्षय तृतीय स्थान पर रहे। कक्षा 6 में नेहा और अनुज ने प्रथम, आराध्या, फैजान और फरहान ने द्वितीय, तथा अंकुर, प्रिया और गुंजित ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में सभी शिक्षकों का सराहनीय सहयोग रहा। निर्णायक मंडल ने निष्पक्ष रूप से मूल्यांकन किया और प्रतिभावान छात्रों को मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। अंत में विद्यालय परिवार ने एक स्वर में यह संदेश दिया कि इस प्रकार की कला प्रतियोगिताएं न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मकता को बढ़ावा देती हैं बल्कि उनमें आत्मविश्वास और एकाग्रता भी विकसित करती हैं। विद्यालय परिसर में बच्चों के चेहरों पर खुशी और गर्व की चमक देखते ही बनती थी। कार्यक्रम का समापन सामूहिक फोटो और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
