Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

मॉर्निंग वॉक पर निकले थे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी नेता, अज्ञात हमलावरों ने ले ली जान


तेलंगाना के खम्मम में हुई हत्या ने सभी को चौंका दिया है. चिंतकानी मंडल में माकपा के वरिष्ठ नेता और किसान संघम के लीडर एस. रामाराव की हत्या से क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है. जानकारी के मुताबिक ये हत्या उस समय हुई, जब रामाराव शुक्रवार (31 अक्टूबर) की सुबह पातरलापाडू गांव में रोज की तरह सैर करने (मॉर्निंग वॉक) के लिए निकले थे.

पातरलापाडू गांव में सुबह सैर के दौरान कई अज्ञात लोगों ने एस. रामाराव पर हमला बोल दिया और गला घोंटकर उनकी जान ले ली. जानकारी के मुताबिक रामाराव के घर में बस तीन दिन बाद उनकी पोती की शादी की खुशियां आने वाली थीं. इसी बीच अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है.

बता दें कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया. हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस की टीमें गहन जांच कर रही हैं. रामाराव पुराने आंध्र प्रदेश में सीपीएम राज्य समिति के सदस्य, किसान संघम के राज्य सचिव और पातरलापाडू गांव के सरपंच जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके थे.

कुछ माह पहले मलकपेट में भी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के एक नेता की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. बता दें कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य परिषद सदस्य के. चंदू नाइक भी एस. रामाराव की तरह ही मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. एक पार्क के पास कार सवार कुछ हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उनकी जान ले ली थी. पुलिस ने बताया था कि मृतक चंदू नाइक 2022 में एलबी नगर थाने में दर्ज हत्या के मामले में आरोपी था. हालांकि उन्होंने अपनी जान को खतरे को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी.

के. चंदू नाइक की हत्या के कुछ ही माह बाद हुई माकपा के वरिष्ठ नेता एस. रामाराव की हत्या ने नेताओं में दहशत पैदा कर दी है. दोनों ही नेताओं की मॉर्निंग वॉक के दौरान की गई हत्या ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |