अमेठीः आस्था साहस और संकल्प का प्रतीक बने हिमांशु सिंह
October 23, 2025
अमेठी। जब श्रद्धा दृढ़ हो और मन में देश व धर्म के प्रति अटूट निष्ठा हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता ऐसा कर दिखाया है ग्राम बसंतपुर, ब्लॉक जामों, जनपद अमेठी के युवा हिमांशु सिंह पुत्र श्री हंसराज सिंह ने। उन्होंने अकेले साइकिल पर सवार होकर चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंगों की कठिन व दिव्य यात्रा पूरी कर पूरे जिले का मान-सम्मान बढ़ाया है।हिमांशु सिंह ने 14 मई 2025 को श्रीराम की नगरी अयोध्या से अपनी यात्रा का शुभारंभ किया था और दीपोत्सव के पावन अवसर पर पुनः अयोध्या लौटकर यात्रा पूर्ण की। इस दौरान उन्होंने 159 दिनों में लगभग 15,000 किलोमीटर की लंबी और साहसिक दूरी तय की। यह यात्रा न केवल शारीरिक सहनशक्ति की परीक्षा थी, बल्कि एक गहन भक्ति और आत्मबल की यात्रा भी रही।घर वापसी पर ग्राम बसंतपुर में हिमांशु का गाजे-बाजे, पुष्पवर्षा और जय श्रीराम के नारों के बीच भव्य स्वागत किया गया। पूरा गांव गर्व और आनंद से सराबोर हो उठा।बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी अमेठी के प्रवक्ता श्री चन्द्रमौलि सिंह, मण्डल अध्यक्ष श्री राजेश सिंह और ग्रामवासी श्री रमेश सिंह ने हिमांशु को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।हिमांशु ने बताया कि उनकी यात्रा का उद्देश्य देश के चार धाम बद्रीनाथ, द्वारका, जगन्नाथपुरी और रामेश्वरम तथा बारहों ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता का संदेश देना था। उन्होंने कहा कि अब उनका संकल्प इस दिव्य यात्रा को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराना है।ग्रामवासियों ने कहा कि हिमांशु ने अपने साहस, भक्ति और देशप्रेम से अमेठी जिले का नाम ऊँचा किया है। सभी ने प्रभु श्रीराम से उनके उज्ज्वल भविष्य, दीर्घायु और सफलता की प्रार्थना की। “हिमांशु की यह यात्रा केवल दूरी तय करने की नहीं, बल्कि श्रद्धा, साहस और संकल्प की सीमाएं लांघने की कहानी है।
