5 साल छोटे प्रेमी के साथ भागी 2 पोतों की दादी, ईंट-भट्ठे पर हुआ प्यार
October 03, 2025
उत्तर प्रदेश के झांसी में दो बच्चों की दादी अपने से पांच साल छोटे युवक के साथ भाग गई। भागते समय वह अपने साथ 40 हजार रुपये और घर में रखे गहने-जेवर भी ले गई। अब पूरा परिवार शर्मिंदगी महसूस कर रहा है और दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। बताया जा रहा है कि प्रेमी के साथ भागी महिला दो बच्चों की दादी जरूर है, लेकिन उसकी उम्र महज 40 साल थी। उसके दोनों बेटों की भी शादी हो चुकी है और दोनों के बच्चे भी हैं, लेकिन दादी बनने के बावजूद महिला प्रेम में इस कदर डूबी कि पति, बहुएं और छोटे-छोटे पोते-पोतियों को छोड़कर फरार हो गई।
मामला मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र का है। स्यावरी गांव के रहने वाले कामता प्रसाद आदिवासी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में दो बेटे, उनकी पत्नियां और छोटे-छोटे पोते-पोतियां हैं। हालांकि, उनकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ भाग गई है। इससे परिवार में अफरा-तफरी मची हुई है।
कामता प्रसाद ने बताया कि ढाई साल पहले उनकी पत्नी सुखवती मजदूरी के लिए भिंड जिले के एक ईंट-भट्ठे पर गई थी। यहीं उसकी मुलाकात राठ तहसील के बिहुनी गांव के रहने वाले अमर सिंह प्रजापति से हुई। शुरुआत में जान-पहचान हुई। इसके बाद दोनों दोस्त बने और धीरे-धीरे दोस्ती नजदीकी में बदली। फिर यह रिश्ता प्यार तक पहुंच गया। बताया जाता है कि कामता प्रसाद ने पत्नी की नजदीकियों पर शक जताया और उसे घर वापस ले आए। इसके बावजूद चोरी-छिपे दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत का सिलसिला जारी रहा। घर और परिवार की जिम्मेदारी के बीच यह प्रेम कहानी परवान चढ़ती रही।
