Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बलियाः सड़क सुरक्षा पर डीएम सख्त प्रमुख चैराहों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे! शहर के 13 चैराहों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, ट्रैफिक नियमों के प्रति बढ़ेगी जागरूकता


बलिया। जिलाधिकारी मंगल प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। डीएम ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए शहर के प्रमुख चैराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पहले चरण में 13 चिन्हित चैराहों पर कैमरे लगाए जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में अन्य प्रमुख चैराहों को भी सीसीटीवी निगरानी के दायरे में लाया जाएगा।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात नियमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही हर महीने सेमिनार और वर्कशॉप आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान की शुरुआत सरकारी ड्राइवरों से की जाए, साथ ही टेम्पो, ई-रिक्शा, स्कूल बस और ट्रक चालकों के लिए भी सेमिनार आयोजित किए जाएं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसी भी वाहन चाहे वह सरकारी हो या निजी में लगे प्रेशर हॉर्न को तत्काल हटाया जाए। इसके लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर के प्रमुख स्थानों पर साइनेज बोर्ड, होर्डिंग और यातायात जागरूकता संदेश लगाने के निर्देश भी दिए गए ताकि लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सड़क हादसों में कमी आए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन, पुलिस और जनता सभी को मिलकर इसके प्रति सजग रहना होगा। बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |