अमेठीः करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित! आत्मनिर्भरता एवं सुरक्षा के विषय में दी गई जानकारी
September 26, 2025
अमेठी। मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा आरसेटी प्रशिक्षण संस्थान में महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से विशेष करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओंध्बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला सेवायोजन अधिकारी अनुपमा रानी ने महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के विभिन्न अवसरों की जानकारी विस्तार से प्रदान की। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, और यदि उन्हें सही मार्गदर्शन व अवसर मिले तो वे समाज और परिवार दोनों को सशक्त बना सकती हैं। महिला सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर महिला थानाध्यक्ष कंचन ने उपस्थित महिलाओं को जागरूक किया। उन्होंने कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों और पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता सेवाओं की जानकारी साझा करते हुए कहा कि महिलाओं को अब निर्भीक होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए। कार्यक्रम में स्वरोजगार के अवसरों पर भी विशेष चर्चा हुई। जिला उद्यमिता कार्यालय से राजेश भारती ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की संपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपना स्वयं का उद्यम स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि मिशन शक्ति जैसे अभियानों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है।
