पीलीभीत/बीसलपुर। देवहा नदी समेत अन्य नदियों के किनारे बसे गांवों में आई बाढ़ से हालात बिगड़ गए हैं। सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के निर्देश पर प्रशासन व विभागों की संयुक्त टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हैं। गांव-गांव स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। डॉक्टर प्रथमेश भारद्वाज व उनकी टीम ने भी ग्रामीणों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं दीं। कृषि एवं राजस्व विभाग फसलों की क्षति का सर्वे कर रहा है, वहीं सिंचाई विभाग को मरम्मत कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीसलपुर के भैंसटा, जलालपुर और मोहम्मदपुर जैसे गांवों में राहत सामग्री न मिलने की शिकायतें सामने आईं। किसान नेता देव स्वरूप पटेल ने मौके पर ही ग्राम प्रधान व अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं का समाधान कराया। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर सांसद तक समस्याएं पहुंचाने की मांग की। ग्राम हेतमनगरा और शेरगंज खिरकिया के ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
