अमेठीः छात्राओं के लिए बैंक भ्रमण एवं वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम हुआ आयोजित
September 25, 2025
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चैहान एवं मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल के मार्गदर्शन तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में जनपद के विभिन्न विद्यालयों में बालिकाओं हेतु “बैंक भ्रमण एवं खाता संचालन प्रक्रिया संबंधी जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इस विशेष पहल का उद्देश्य छात्राओं को बैंकिंग प्रणाली से परिचित कराना और उनमें वित्तीय साक्षरता एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को नजदीकी बैंक शाखाओं का भ्रमण कराया गया, जहाँ बैंक अधिकारियों ने उन्हें खाता खोलने की प्रक्रिया, जमा-निकासी की विधि, पासबुकध्एटीएम के प्रयोग, डिजिटल बैंकिंग की सुविधाएँ तथा बचत की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही भविष्य के लिए बचत की आदत, वित्तीय अनुशासन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के तरीकों पर भी प्रकाश डाला गया। भ्रमण के दौरान बालिकाओं ने बैंक कर्मियों से सीधे प्रश्न पूछे और अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। खाता संचालन एवं लेन-देन की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझकर उनका आत्मविश्वास बढ़ा और वे भविष्य के लिए अधिक वित्तीय रूप से सजग हुईं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आर्थिक रूप से सशक्त करना और उन्हें भविष्य में स्वतंत्र वित्तीय निर्णय लेने के लिए सक्षम बनाना है। वित्तीय प्रणाली की समझ के साथ अब वे समाज में एक मजबूत और आत्मनिर्भर भूमिका निभा सकेंगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय चैहान एवं मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल ने कहा कि “छात्राओं को वित्तीय रूप से जागरूक एवं सक्षम बनाना ही आत्मनिर्भर समाज की मजबूत नींव है। प्रत्येक विद्यालय में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हर बालिका बैंकिंग प्रणाली को भली-भांति समझ सके।”
