पीलीभीत। भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक उस समय देखने को मिली जब 29 अक्टूबर को ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल की टनकपुर रोड और सुरभि कॉलोनी शाखाओं में नवरात्रि एवं विजयादशमी का संयुक्त आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर पूरे दिन भक्ति, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष आरती और दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके उपरांत नन्हीं छात्राओं नित्या सिंह, अक्षिता चैधरी, अवनि वर्मा, आदया सिंह, मेहरदीप, शिवान्या, नवी, वैष्णवी और आराध्या ने माता के नौ स्वरूपों का जीवंत अभिनय प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने माँ दुर्गा की शक्ति और भक्ति का अनूठा संदेश दिया।
नर्सरी और केजी वर्ग के छोटे बच्चों ने भी माता रानी के रूप में प्रस्तुतियां देकर सभी का मन जीता। रंग-बिरंगे परिधानों और डांडिया नृत्य ने वातावरण को आनंदमय बना दिया।कार्यक्रम का अगला आकर्षण रामायण पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही। सुरभि कॉलोनी और टनकपुर रोड शाखा के बच्चों ने भगवान राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान, रावण, जटायु और मारीच जैसे चरित्रों को इतनी जीवंतता से मंच पर उतारा कि पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। वहीं, छोटे बच्चों ने अपनी कक्षा गतिविधि के अंतर्गत धनुष-बाण और राम-रावण के चित्र बनाकर उत्सव को और भी रंगीन बना दिया।
उत्सव का मुख्य आकर्षण रावण दहन रहा। जैसे ही रावण का पुतला प्रज्ज्वलित हुआ, पूरा विद्यालय परिसर “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश सभी के हृदयों में अंकित हो गया।इस आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिकाओं श्रीमती सरीता शर्मा और श्रीमती पूनम सक्सेना का विशेष योगदान रहा। अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण सहयोग से कार्यक्रम अविस्मरणीय बन गया। विद्यालय परिवार के इस संयुक्त आयोजन ने न केवल बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ा बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों, अनुशासन और एकता की भावना को भी सशक्त किया।
