अमेठीः चलो बुलावा आया है माता ने बुलाय है.! नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में उमड़ा श्रृद्धा और भक्ति का सैलाब
September 22, 2025
अमेठी। शारदीय नवरात्र का शुभारंभ होते ही जनपद में आस्था का उल्लास छा गया। सोमवार को देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। सुबह से ही भक्त माँ दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा-अर्चना करने पहुंचे। कहीं घरों में कलश स्थापना कर विधि विधान से पूजन हुआ, तो कहीं मातारानी के भजनों की गूंज ने भक्तिमय वातावरण बना दिया। बुढन माई धाम, दुर्गन भवानी धाम, माता मवई धाम, कालिकन धाम, चंदिकन धाम समेत तमाम देवी मंदिरों में सुबह से ही दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगीं। हाथों में पूजन सामग्री और माथे पर आस्था का सिंदूर सजाए भक्त मातारानी के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे। महिलाएं ढोलक और मंजीरे की थाप पर देवी माँ के भक्ति गीत गाती रहीं, जिससे पूरा माहौल श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो उठा। सुबह छह बजे से ही शुरू हुआ दर्शन का क्रम देर शाम तक चलता रहा। उपवास रखे श्रद्धालुओं ने माता रानी के चरणों में फल, पुष्प और गंगा जल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। नवरात्र के पहले दिन बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालुओं को देखते हुए पुलिस व प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए। एक दिन पहले ही मंदिरों के आसपास साफ-सफाई करवाई गई थी। वहीं सुरक्षा को लेकर भारी संख्या में महिला-पुरुष आरक्षी और अधिकारी तैनात रहे। एएसपी ने बताया कि धार्मिक आयोजन शांति और सौहार्दपूर्वक संपन्न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
.jpg)