Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बाराबंकीः नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में उमड़ा श्रृद्धा और भक्ति का सैलाब, शहरों से लेकर ग्रामीण अंचलों तक देवी मंदिरों में माता के जयकारों की गूँज


बाराबंकी। शारदीय नवरात्र का शुभारंभ होते ही जनपद में आस्था का उल्लास छा गया। सोमवार को देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। सुबह से ही भक्त माँ दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा-अर्चना करने पहुंचे। कहीं घरों में कलश स्थापना कर विधि विधान से पूजन हुआ, तो कहीं मातारानी के भजनों की गूंज ने भक्तिमय वातावरण बना दिया।

गुलरिया गर्दा स्थित बड़ी माता मंदिर, सत्यप्रेमीनगर की संतोषी माता, छोटी माता मंदिर के साथ ही ग्रामीण अंचलों में ज्वाला देवी, नैना देवी समेत तमाम देवी मंदिरों में सुबह से ही दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगीं। हाथों में पूजन सामग्री और माथे पर आस्था का सिंदूर सजाए भक्त मातारानी के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे। महिलाएं ढोलक और मंजीरे की थाप पर देवी माँ के भक्ति गीत गाती रहीं, जिससे पूरा माहौल श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो उठा।

सुबह छह बजे से ही शुरू हुआ दर्शन का क्रम देर शाम तक चलता रहा। उपवास रखे श्रद्धालुओं ने माता रानी के चरणों में फल, पुष्प और गंगा जल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।

नवरात्र के पहले दिन बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालुओं को देखते हुए पुलिस व प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए। एक दिन पहले ही नगर पालिका और पंचायत की ओर से मंदिरों के आसपास साफ-सफाई करवाई गई थी। वहीं सुरक्षा को लेकर भारी संख्या में महिला-पुरुष आरक्षी और अधिकारी तैनात रहे। सीओ सिटी संगम कुमार ने बताया कि धार्मिक आयोजन शांति और सौहार्दपूर्वक संपन्न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |