लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने अगस्त 2025 के महीने में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान प्लास्टिक उपयोग और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 9,34,100 का राजस्व जुटाया गया। नगर निगम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 अगस्त से 31 अगस्त तक पूरे शहर में संयुक्त रूप से 235 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त किया गया। इस कार्रवाई के तहत 508 चालान काटे गए और 6,10,550 की वसूली की गई। इसके अतिरिक्त, गंदगी फैलाने (लिटरिंग) के मामलों में 848 चालान किए गए जिनसे 3,23,550 की वसूली हुई। इस प्रकार केवल एक महीने में निगम ने प्लास्टिक और लिटरिंग से कुल 9.34 लाख का राजस्व अर्जित किया।नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत न केवल चालान किए गए बल्कि बड़ी मात्रा में प्लास्टिक जब्त की जा रहीं हैं। निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि लिटरिंग यानी सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग न करें और गंदगी फैलाने से बचें। नागरिकों को प्रोत्साहित किया गया है कि वे कूड़ा केवल कूड़े वाली गाड़ी में ही डालें और पर्यावरण को स्वच्छ रखने में सहयोग दें।
नगर निगम ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले महीनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा। इसके लिए विशेष निगरानी टीमों का गठन किया जा रहा है, जो बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार गश्त करेंगी।