बाराबंकीः बहाली आदेश के बाद भी रसोइयों को नहीं मिला काम, दो दिन से भूखे लौट रहे 675 मासूम
September 09, 2025
मसौली/ बाराबंकी। रसोइयों के बहाली के आदेश के बाद भी उन्हें काम नही दिया जा रहा है इस वजह से से मिड डे मील योजना परवान नही चढ पा रही है। मामला कस्बा सफदरगंज स्थित फतेहचंद्र जगदीश राय इंटर कॉलेज का है। यहाँ बच्चों की थाली दो दिनों से सूनी है। बीते 13 वर्षों से मिड-डे-मील (एमडीएम) का खाना बनाने वाले रसोइयों को निर्दोष पाए जाने और पुनः बहाली का आदेश जारी होने के बावजूद कार्य न मिलने से विद्यालय की रसोई बुझी पड़ी है। नतीजा यह है कि लगभग 675 मासूम छात्र-छात्राएं भूखे पेट घर लौटने को मजबूर हैं।रसोइया रामू चैहान, अनीता अवस्थी, अनीता यादव और निर्मला यादव का आरोप है कि उनसे मानदेय बढ़ाने का लालच देकर सादे कागज पर अंगूठा लगवाकर त्यागपत्र लिखवा लिया गया और बाद में अपने चहेतों को नियुक्त कर दिया गया। न्याय के लिए उन्होंने जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक गुहार लगाई।जांच में निर्दोष पाए जाने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने उनकी पुनः बहाली के आदेश दिए। बावजूद इसके, कार्यवाहक प्रधानाचार्य कैलाश नारायण ने उन्हें काम देने से इंकार कर दिया। इस लापरवाही से विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चे दो दिनों से बिना भोजन के लौट रहे हैं, जिससे अभिभावकों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।