यूपी के लखनऊ में महिन्द्रा थार गाड़ी में मिला 20 किलो गोमांस
September 03, 2025
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। राजधानी के हजरतगंज के मल्टी लेवल पार्किग के प्रथम तल पर बिना नंबर महिन्द्रा थार गाड़ी में गोमांस बरामद किया गया है। जानकारी के मुताबिक, वाहन का मालिक गौ मांस को कही ले जाने की फिराक में था। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया और मौके पर पहुंच कर कार्रवाई की है।
हजरतगंज में वाहन में गोमांस मिलने की सूचना पर चौकी प्रभारी शिवानी सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ कार्रवाई की। पुलिस ने मल्टी लेवल पार्किग में खड़ी काले रंग की महिन्द्रा थार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने जब महिन्द्रा थार गाड़ी को खोला तो उसे डिग्गी में कई कैरी बैग के बीच समान के साथ 20 किलो गो मांस मिला।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन स्वामी मो. वासिफ को हिरासत में लेकर मौके पर पूछताछ की है। आरोपी को पुलिस ने गोमांस के साथ गिरफ्तार किया है। हजरतगंज एसीपी विकास जायसवाल और इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के नेतृत्व में पुलिस को ये कामयाबी मिली है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी गुईन रोड थाना अमीनाबाद क्षेत्र का निवासी है।
