मखाने की ग्रेवी वाली सब्जी, रोटी और पराठे के साथ लगती है लाजवाब
August 19, 2025
मखाना शरीर के लिए बहुत गुणकारी है। बच्चों को और बड़ों सभी को मखाने का स्वाद खूब पसंद आता है। स्नैक्स में मखाना तो खूब खाया होगा लेकिन मखाने से स्वादिष्ट सब्जी भी बनती है। जब घर में कोई सब्जी न हो या कुछ स्पेशल खाने का मन हो तो आप भुने हुए मखाने से टेस्टी सब्जी बना सकते हैं। मखाने की सब्जी कुछ ही मिनट में बनकर रेडी हो जाती है। आप मखाने की ग्रेवी वाली सब्जी की इस रेसिपी को एक बार जरूर ट्राई करें।
मखाने की सब्जी बनाने की रेसिपी
पहला स्टेप- मखाना की सब्जी बनाने के लिए 1 बाउल मखाने लें और उन्हें किसी पैन में डालकर सूखा भून लें। मखानो को क्रिस्पी होने तक ड्राई रोस्ट करना है। मखाने को हाथ से दबाकर चेक कर लें कि क्रश हो रहा है। अगर हो रहा है तो मखाना भुन चुका है।
दूसरा स्टेप- अब इसी पैन में 1 बड़ा चम्मच बेसन को लो मीडियम फ्लेम पर सूखा रोस्ट कर लें। जैसे ही बेसन का रंग हल्का बदल जाए और बेसन भुन जाए तो गैस बंद कर दें। बेसन को निकाल लें। इसी पैन में 1 चम्मच कसूरी मेथी को बहुत ही लो फ्लेम पर रोस्ट कर लें। ज्यादा तेल फ्लेम पर कसूरी मेथी जल जाएगी और उसका स्वाद खत्म हो जाएगा।
तीसरा स्टेप- अब पैन में 2 चम्मच तेल डालकर गर्म करें। तेल में आधा चम्मच जीरा डालें और 1 फाइन चॉप की गई प्याज डालें। इसमें 1 चम्मच अदरक लहसुन का पेस्ट और 1 बारीक कटी हरी मिर्च डालें। प्याज को सुनहरा होने तक भून लें। मसाले में धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, जीरा पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च डालकर भून लें। इसमें 2 मीडियम साइज के बारीक कटे टमाटर डालकर भून लें। टमाटर जब तेल छोड़ने लगे तो गैस बंद कर दें। मसाले को ठंडे होने पर एक चौथाई कप ताजा फेंटा हुआ दही मसाले में मिला दें।
चौथा स्टेप- गैस की फ्लेम ऑन कर दें और दही मिले मसाले को फिर से तेल छोड़ने तक पकाएं। अब मसाले में 1 कप पानी और भुना हुआ बेसन मिला दें। ग्रेवी को 3-4 मिनट पकाकर तैयार कर लें। ग्रेवी में भुने हुए मखाने डाल दें। नमक और गरम मसाला डालकर कसूरी मेथी को क्रश करके डाल दें।
पांचवां स्टेप- सारी चीजों को मिक्स करके सब्जी को 2 मिनट कवर करके पकाएं और फिर ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दें। तैयार है मखाने की सुपर टेस्टी सब्जी, इसे रोटी या पराठे के साथ खाएं।
