अमेठीः बारिश का कहर! कच्ची दीवार गिरने से युवक की मौत
August 08, 2025
अमेठी। शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे के करीब सरुवांवा ग्राम पंचायत के पूरे कुबरा गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ। लगातार हो रही बारिश से जर्जर हुई कच्ची दीवार गिरने से 20 वर्षीय गुड़िया चैहान की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गुड़िया अपने घर के दीवार के पास लगे नल पर काम कर रही थी। इसी दौरान लगातार बारिश से कमजोर हुई कच्ची दीवार अचानक उसके ऊपर गिर गई। मां सुंदरा की मदद पुकारने पर गुड़िया को मलबे से निकाला गया। उसे तुरंत इलाज के लिए सीएचसी भेटुआ ले जाया गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सरुवांवा प्रधान प्रतिनिधि सोनू यादव ने बताया कि मृतका अपने ननिहाल में रहती थी। उनके नाना का नाम रामफेर है। उन्होंने बताया कि मृतका की मां सुंदरा की शादी हसनपुर निवासी रामराज से हुई थी। कुछ कारणों से उन्हें ससुराल में आश्रय नहीं मिला। वे पिछले 25 वर्षों से अपने मायके में ही रह रही हैं और यहीं की निवासी बन गई हैं। मृतका अपनी मां सुंदरा का एकमात्र सहारा थी। सरुवांवा की निवासी होने के बावजूद उन्हें सरकारी सुविधाएं न मिलना एक बड़ा सवाल है। घटना के बाद परतोष चैकी इंचार्ज विपिन बिहारी सिंह, राजस्व विभाग से कानूनगो जगरूप तथा लेखपाल सुशील कुमार ओझा तुरंत मौके पर पहुंचे। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौके पर पहुंचे कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष अजीत यादव ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने पीड़ित सुंदरा को अब तक सरकारी सुविधाओं से वंचित रहने पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार की हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया है।
