लखनऊः युवती ने शादी से किया इंकार तो युवक ने फोन पर मैसेज भेज युवती को दी धमकी , मुकदमा दर्ज
August 23, 2025
आलमबाग। कृष्णा नगर कोतवाली इलाके में रहने वाली युवती ने शादी से इंकार करने के बाद उक्त युवक द्वारा आएदिन फोन पर मैसेज व धमकी से तंग आकर स्थानीय कृष्णा नगर पुलिस से मदद की गुहार लगा नामजद लिखित शिकायत की है। कृष्णा नगर कोतवाली प्रभारी पी के सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र स्थित न्यू इन्द्रपुरी भोलाखेड़ा निवासी रोहिनी अवस्थी के अनुसार ग्राम ठाकुरपुर बाराबंकी निवासी रविशंकर त्रिवेदी से एक साल पहले विवाह तय हुआ था। उसने आपसी मतभेद के कारण उक्त युवक से विवाह के लिए मना कर दिया। आरोप है कि तभी से रविशंकर उसे पिछले एक साल से लगातार फोन काल मैसेज करने के साथ जान से मारने की घमकी दे रहे हैं। वहीं पीड़िता का कहना था कि उसने आरोपित रवि के परिवारजनों को अवगत कराने के साथ 6 महीने पूर्व तंग आकर स्थानीय कृष्णानगर थाने में भी शिकायत दर्ज करायी थी। उसके बावजूद आरोपित रविशंकर लगातार उसे फोन पर मैसेज कर धमकी दे रहा है । जिसके चलते उसने स्थानीय कृष्णा नगर कोतवाली में पुलिस से लिखित नामजद शिकायत की है। पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
.jpg)