झूठ बोलने की भी एक सीमा होती है-किरेन रिजिजू
August 10, 2025
संसद में चल रहे मानसून सत्र में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार को घेरा था. उन्होंने सरकार पर फाइटर जेट के पायलटों के हाथ बांधने का आरोप लगाया था, जिसे लेकर अब केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है.
केंद्रीय मंत्री ने रविवार (10 अगस्त, 2025) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि झूठ बोलने की भी एक सीमा होती है. अब भारत के लोग ही राहुल गांधी से कहेंगे कि अब बहुत हो गया.
किरेन रिजिजू ने शनिवार को एक्स पर किए एक पोस्ट में कहा कि मैं राहुल गांधी से अनुरोध करता हूं कि भारत की संसद की मर्यादा बनाए रखें. आप हर समय झूठ क्यों बोलते रहते हैं? मैंने विपक्ष के कई नेताओं को संसदीय मर्यादा का पालन करते देखा है. आपने न केवल अपना कद गिराया है, बल्कि भारत की ऊंची प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंचाई है.
मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार (29 जुलाई, 2025) को पहलगाम आतंकी हमले पर अपने भाषण में कहा था कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार ने पायलटों के हाथ बांध दिए, लेकिन 1971 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सेना को खुली छूट दी थी.
उन्होंने कहा, “भारत सरकार ने गलती की है. हमारी किसी से लड़ाई हुई है और हम उससे कहें कि भैया अब ठीक है, हम लड़ाई नहीं चाहते. हमने आपको एक थप्पड़ मारा है, दूसरा थप्पड़ नहीं मारेंगे. गलती सेना की नहीं, सरकार की थी.”
भारतीय सेना के प्रमुख जनरल उपेंद्र दि्वेदी ने ऑपरेशन सिंदूर की इनसाइड स्टोरी बताते हुए कहा कि सरकार ने हमें खुली छूट दी थी कि हम अपने हिसाब से, अपनी प्लानिंग के तहत पाकिस्तान को पहलागाम आतंकी हमले का जवाब दें. IAF प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने बताया था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के कम से कम पांच फाइटर जेट मार गिराए थे. इसके अलावा एक AWACS भी मार गिराया था.
