शुकुलबाजार: डग्गामार वाहनों के खिलाफ चला सघन चेकिंग अभियान! परिवहन विभाग और रोडवेज की हुई संयुक्त कार्रवाई
August 06, 2025
शुकुलबाजार/अमेठी। जिले में अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान परिवहन विभाग और आरएम रोडवेज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया, जिसमें प्रमुख मार्गों और बस अड्डों पर खड़े डग्गामार वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान अनुबंधित बसों के पेंडिंग चालान जमा कराने के निर्देश दिए गए, वहीं सड़क पर बस खड़ी कर सवारियों को चढ़ाने-उतारने जैसी अव्यवस्था के खिलाफ भी सख्त हिदायतें दी गईं। वहीं सड़क पर फर्राटा भर रहे आठ डग्गा मार वाहनों का चालान किया गया ।आठ वाहनों से लगभग 75000 रुपए का चालान किया गया। वहीं चालकों और परिचालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थानों से ही सवारियां बैठाने-उतारने की हिदायत दी गई। यात्री कर अधिकारी दिनेश कुमार रावत ने बताया कि डग्गामार वाहनों के कारण न सिर्फ सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि यह सवारियों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आर ए एम अमेठी काशी प्रसाद भी इस चेकिंग अभियान में मौजूद रहे ।और बस चालकों से नियमों के पालन की अपील की। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि जनसुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध वाहन संचालकों में हड़कंप है, वहीं आम यात्रियों ने इस मुहिम की सराहना की है।
